घर में चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक स्कूटी बनी आग का गोला, धुआं उठते ही दौड़े लोग; सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
साहिल अंसारी पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी मोहल्ला स्थित हमीद चौक में गुरुवार को घर में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी से धुआं उठता देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार, गढ़ी मोहल्ला स्थित एक घर में इलेक्ट्रिक स्कूटी को चार्जिंग पर लगाया गया था। इसी दौरान अचानक स्कूटी से धुआं निकलने लगा। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसमें आग की लपटें उठने लगीं। आग देखकर घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल पानी और रेत की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि आग घर के दूसरे हिस्सों तक नहीं पहुंची और समय रहते उसे बुझा लिया गया। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। हालांकि आग की चपेट में आने से इलेक्ट्रिक स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ...