खेलो इंडिया संवाद से छात्राओं ने जाना खेलों का महत्व
साहिल अंसारी
हापुड़। आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को शासन के निर्देशानुसार “माय भारत राष्ट्रीय खेल दिवस-2026” के तहत “खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम” का लाइव प्रसारण छात्राओं के लिए किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को खेलों के महत्व, युवा नेतृत्व और देश में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्रीड़ा समिति की संयोजिका एवं शारीरिक शिक्षा विभाग की अध्यक्षा प्रोफेसर सरोजिनी ने किया। उन्होंने छात्राओं को “खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात प्रधानमंत्री मोदी के साथ” कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसके बाद सुबह 10 बजे से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण छात्राओं को दिखाया गया। छात्राओं ने कार्यक्रम को उत्सुकता के साथ देखा और खेलों से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने खेल पारिस्थितिकी तंत्र में सुधार, युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने तथा विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर करुणा गुप्ता, प्रोफेसर मनीला रोहतगी, प्रोफेसर अपर्णा त्रिपाठी, डॉ. अलका सिंह, डॉ. नीशू यादव, डॉ. सर्वेश कुमारी, डॉ. प्रियंका सोनकर, डॉ. उपासना शर्मा, श्रीमती साधना सहित महाविद्यालय की छात्राएं मौजूद रहीं। अंत में संयोजिका प्रोफेसर सरोजिनी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment