नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल



साहिल अंसारी

हापुड़। काफी दिनों से चल रही राजनीतिक चर्चाओं और अटकलों पर रविवार को विराम लग गया। नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और उनके पति एवं वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विशेष कार्यक्रम में दोनों नेताओं और उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत कराया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने पुष्पा देवी और श्रीपाल सिंह को पार्टी का पटका पहनाकर संगठन में शामिल किया।

कई दिनों से चल रही थीं चर्चाएं

पुष्पा देवी और श्रीपाल सिंह के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं पिछले कई दिनों से राजनीतिक गलियारों में चल रही थीं। रविवार को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी में दोनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने की औपचारिक घोषणा हुई। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों के भी भाजपा में आने से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा।

बसपा के टिकट पर जीता था चुनाव

गौरतलब है कि पुष्पा देवी ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के चुनाव चिह्न पर नगर पालिकाध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। उनके पति श्रीपाल सिंह भी लंबे समय तक बसपा की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वह पूर्व में बसपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। बाद में राजनीतिक मतभेद और पार्टी के भीतर चल रही खींचतान के बीच बसपा हाईकमान ने दोनों को पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए निष्कासित कर दिया था।

भाजपा में शामिल होने से समर्थकों में उत्साह

बसपा से निष्कासन के बाद से ही पुष्पा देवी और श्रीपाल सिंह के अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। अब भाजपा में शामिल होने के बाद उनके समर्थकों में उत्साह है। दोनों नेताओं के पार्टी में आने को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके भाजपा में शामिल होने से पार्टी को स्थानीय स्तर पर राजनीतिक रूप से मजबूती मिल सकती है।


Comments

Popular posts from this blog

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत