हापुड़ पुलिस ने वाहन चोरों पर कसा शिकंजा, दो आरोपित गिरफ्तार; चोरी की बाइक, नंबर प्लेट और पार्ट्स बरामद

साहिल अंसारी

हापुड़। थाना हापुड़ नगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का राजफाश करते हुए चेकिंग के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की पेशन प्रो मोटरसाइकिल, दूसरी बाइक की नंबर प्लेट और विभिन्न पार्ट्स बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, अपराध की रोकथाम और वाहन चोरों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना हापुड़ नगर पुलिस की टीम ग्राम दस्तोई जाने वाले रास्ते पर ब्रेनवेव्स अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो युवकों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और उसके पार्ट्स बरामद हुए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फराज पुत्र रहीस अहमद निवासी मजीदपुरा, थाना हापुड़ नगर, मूल निवासी इस्लामाबाद मामन रोड, भूतेश्वर मंदिर के पास, बुलंदशहर तथा अदनान पुत्र उमरदराज निवासी त्रिलोकपुरम, बुलंदशहर रोड, थाना हापुड़ नगर, हाल निवासी मजीदपुरा गली नंबर-11 के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से पेशन प्रो मोटरसाइकिल संख्या यूपी13ए 5744 बरामद की। यह बाइक बुलंदशहर नगर कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित है। इसके अलावा मोटरसाइकिल संख्या यूपी37एम 3676 की नंबर प्लेट और विभिन्न पार्ट्स भी बरामद किए गए। यह सामान हापुड़ नगर थाने में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक फराज का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ बुलंदशहर में लूट, चोरी, हथियार अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। हापुड़ में भी उसके खिलाफ वाहन चोरी और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों आरोपितों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रमेश देशवाल, शुभम यादव, आशीष रस्तौगी, हेड कांस्टेबल रविश कुमार तथा कांस्टेबल पुनीत कुमार और यश सिकरवार शामिल रहे।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल