पिलखुवा में गोदाम चोरी का पर्दाफाश, बाल अपचारी समेत चार दबोचे


साहिल अंसारी

एनएच-9 से टूटे फाटक की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, 14 लोहे की प्लेट, चाकू और वारदात में प्रयुक्त टेंपो बरामद

पिलखुवा। मोदीनगर बस अड्डे के पास गोदाम में हुई चोरी की घटना का पिलखुवा पुलिस ने अल्प समय में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में एक बाल अपचारी समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से चोरी की 14 लोहे की प्लेट, एक अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल किया गया टेंपो बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मोदीनगर बस अड्डे के पास स्थित गोदाम में चोरी होने के संबंध में थाना पिलखुवा में मुकदमा अपराध संख्या 445/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। घटना के बाद से पुलिस टीम आरोपितों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही संदिग्धों की तलाश शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल आरोपित एनएच-9 से टूटे फाटक की ओर जाने वाले रास्ते पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार आरोपितों को पकड़ लिया। पुलिस की कार्रवाई से आरोपितों में खलबली मच गई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान समीर पुत्र इलियास और शाहिद उर्फ मूसा पुत्र हबीब निवासी मोहल्ला अशोकनगर, थाना पिलखुवा तथा नकुल पुत्र कालू निवासी ग्राम अमराला, थाना भोजपुर, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने पकड़ा है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की 14 लोहे की प्लेट बरामद की हैं। इसके अलावा एक अवैध चाकू और घटना में प्रयुक्त टेंपो संख्या यूपी-37 एटी-5768 भी बरामद किया गया। बरामद लोहे की प्लेटों को पुलिस ने संबंधित चोरी के मुकदमे से जुड़ा सामान बताया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपितों से पूछताछ के आधार पर चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपितों ने इससे पहले किसी अन्य घटना को अंजाम दिया है या नहीं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक राहुल कुमार सिंह, नितेश कुमार, सुशील कुमार और विवेक कुमार मिश्रा के अलावा हेड कांस्टेबल रुचिन मलिक तथा कांस्टेबल आशीष कुमार और रवि कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अपराध की रोकथाम और चोरों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल