डीएम कार्यालय के गेट के बाहर से बाइक चोरी, तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

इंडिया न्यूज़ 24
सोनू मसूदी
 हापुड़। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर से बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। बुलंदशहर निवासी सोनी टीवी कर्मचारी अपनी बाइक जिलाधिकारी कार्यालय के गेट के बाहर खड़ी कर काम निपटाने गए थे। वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने और लोगों से पूछताछ के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बुलंदशहर के गिरधारी नगर निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सोनी टीवी में कार्यरत हैं। नौ अक्टूबर को वह अपने काम के सिलसिले में हापुड़ स्थित जिलाधिकारी कार्यालय आए थे। उन्होंने अपनी काले रंग की पैशन प्लस बाइक कार्यालय के गेट के बाहर खड़ी की और आवश्यक काम निपटाने के लिए अंदर चले गए।

दोपहर करीब दो बजे जब वह काम पूरा कर वापस लौटे तो बाइक निर्धारित स्थान से गायब थी। पहले उन्होंने आसपास बाइक की तलाश की। इसके बाद वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन बाइक के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। काफी प्रयास के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर पीड़ित ने नगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पीड़ित की तहरीर के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कलेक्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर के गेट के बाहर से बाइक चोरी होने की घटना ने वाहन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल चोरी गई बाइक का पता नहीं चल सका है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल