पॉक्सो कानून के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर शहर में गूंजी प्रभात फेरी

साहिल अंसारी

हापुड

गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बच्चों की सुरक्षा और पॉक्सो एक्ट के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शहर में विधिक जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। जनपद न्यायालय के मुख्य गेट से अपर जिला जज प्रथम हनी गोयल ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। रैली में न्यायिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक शामिल हुए।

प्रभात फेरी नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। छात्र-छात्राओं के हाथों में बाल सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, बच्चों के विधिक अधिकार और पॉक्सो एक्ट से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां और बैनर थे। रैली के माध्यम से लोगों को बच्चों के साथ होने वाले यौन अपराधों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।

प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीडि.) द्वितीय असगर अली ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों के साथ खुलकर संवाद बनाए रखना चाहिए। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में बिना भय के विधिक सहायता लेने के साथ हेल्पलाइन नंबर 1098 और 15100 का उपयोग किया जा सकता है।

कार्यक्रम में अपर जिला जज विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट ज्ञानेन्द्र सिंह यादव, अपर जिला जज द्वितीय शेष बहादुर निषाद, अपर जिला जज पॉक्सो एक्ट द्वितीय अवनीश कुमार राय, अपर जिला जज त्वरित न्यायालय द्वितीय वीरेश चंद्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक डा. श्वेता पूठिया समेत अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।

जैन कन्या इंटर कालेज पाठशाला, एसएसवी इंटर कालेज, चौधरी ताराचंद इंटर कालेज, दीवान इंटर कालेज और श्रीमती कमला अग्रवाल गर्ल्स इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने रैली में प्रतिभाग किया। प्रभात फेरी का समापन नगर पालिका परिसर के गेट पर विधिक जागरूकता संदेश के साथ हुआ। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था में हापुड़ नगर पुलिस का सहयोग रहा।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल