शिकार की तलाश में पेड़ पर चढ़ा तेंदुआ हाईटेंशन लाइन से टकराया, मौत
साहिल अंसारी
गढ़मुक्तेश्वर।
मानकचौक गांव के जंगल में शनिवार रात शिकार की तलाश में निकला तेंदुआ खुद हादसे का शिकार हो गया। पेड़ पर चढ़ते समय वह 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में खलबली मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे की है। तेज आवाज सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे तो जमीन पर तेंदुआ पड़ा दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तेंदुए के शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वन रेंजर करण सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया तेंदुए की मौत हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। वन विभाग की ओर से तेंदुए की मौत की घटना की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के जंगल क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
बताया गया कि गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के जंगलों में पिछले कई वर्षों से दो से तीन तेंदुओं की मौजूदगी बनी हुई है। वन विभाग पहले से ही तेंदुओं को पकड़ने के लिए पिंजरे लगा चुका है। विभाग की टीम जंगल क्षेत्र में निगरानी भी कर रही है। इस घटना के बाद विभाग ने आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी का पता लगाने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।
तेंदुए की मौत के बाद ग्रामीणों में एक बार फिर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्र में तेंदुओं की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग से निगरानी और पकड़ने की कार्रवाई तेज करने की मांग की है।
Comments
Post a Comment