कैंटर लूट गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश को लगी गोली; पांच गिरफ्तार
साहिल अंसारी
हापुड़।
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में लाखों रुपये कीमत के कपड़े से भरा कैंटर लूटकर फरार चल रहे बदमाश शनिवार को पुलिस के सामने पड़ गए। बागड़पुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कैंटर को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल समेत पांच बदमाशों को दबोच लिया। उनके कब्जे से लूटा गया कैंटर और उसमें लदा करीब 55 लाख रुपये कीमत का पूरा माल बरामद किया गया है। साथ ही दो तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक चाकू भी बरामद हुआ है।
जनपदीय स्वाट टीम और थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस बागड़पुर तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध कैंटर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने कैंटर को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, कैंटर सवार बदमाशों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद बदमाश घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने मौके से चार अन्य बदमाशों को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
वारदात के बाद चालक-हेल्पर को बनाया था बंधक
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार बदमाशों ने 27/28 सितंबर की रात गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के बलवापुर-बृजघाट मार्ग पर कैंटर को निशाना बनाया था। बदमाशों ने कैंटर को रोककर चालक और हेल्पर को अपनी कार में बंधक बना लिया था। इसके बाद दोनों को जनपद अमरोहा क्षेत्र में छोड़ दिया गया था। बदमाश कैंटर में जैकेट बनाने वाला कपड़ा लदा होने के कारण उसे लेकर फरार हो गए थे। पुलिस तभी से घटना के पर्दाफाश में जुटी थी।
55 लाख का माल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूटा गया कैंटर बरामद कर लिया। इसमें लदा पूरा कपड़ा भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार बरामद माल की कीमत करीब 55 लाख रुपये है। इसके अलावा दो तमंचे 315 बोर, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इससे पहले कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है।
दो बदमाशों पर कई मुकदमे दर्ज
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जावेद निवासी संभल, अजीम, फरदीन, अमन और सुभान निवासी कुढ़फतेहगढ़, मुरादाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक जावेद और अजीम शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ दिल्ली के अलावा मुरादाबाद, संभल और हापुड़ में हत्या, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने पांचों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और लूट की अन्य घटनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस अब आरोपितों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है।
Comments
Post a Comment