मां को दवा दिलाने निकला था बेटा, रास्ते में ट्रक की टक्कर ने छीन ली जिंदगी
साहिल अंसारी
हापुड़।
हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में ईदगाह रोड पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब बेटा अपनी मां को दवा दिलाने के लिए बाइक से हापुड़ लेकर आ रहा था। हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोनी क्षेत्र के जाटव मोहल्ला निवासी हर्ष के अनुसार, चार अक्टूबर को वह अपनी मां को दवा दिलाने के लिए बाइक से हापुड़ आ रहा था। दोपहर करीब 12:30 बजे वह ईदगाह रोड स्थित पीर के पास पहुंचा। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और मां-बेटा सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मां की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हर्ष ने हादसे में शामिल ट्रक का नंबर पुलिस को बताया है। उसकी तहरीर के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ट्रक और उसके चालक की जानकारी जुटाने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Comments
Post a Comment