पति की मौत के बाद देवर से कराया निकाह, पांच लाख रुपये मांगकर घर से निकाला

सोनू मसूदी

दूसरी शादी कराने की धमकी देने का भी आरोप, एसपी से शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज

हापुड़। पति की दुर्घटना में मौत के बाद ससुराल वालों ने महिला का निकाह उसके देवर से करा दिया। आरोप है कि इसके बाद भी महिला की परेशानियां कम नहीं हुईं। अब पांच लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर से निकालने और पति का दूसरी युवती से निकाह कराने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हापुड़ नगर क्षेत्र के मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी रुबीना के अनुसार, 23 नवंबर 2021 को उसका निकाह धौलाना क्षेत्र के गांव पिपलेड़ा निवासी इब्राहिम से मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। स्वजन ने निकाह में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के लगभग पांच महीने बाद दुर्घटना में इब्राहिम की मौत हो गई।

रुबीना का आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने उसका निकाह इब्राहिम के छोटे भाई जीशान से करा दिया। महिला के मुताबिक, निकाह के बाद जीशान उसे परेशान करने लगा। जब उसे जीशान के किसी युवती से बातचीत करने की जानकारी मिली और उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।

साढ़े तीन लाख रुपये को लेकर भी लगाए आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर सास-ससुर ने उसका साथ देने के बजाय कहा कि दुर्घटना के बाद मिले साढ़े तीन लाख रुपये के लिए उसका निकाह जीशान से कराया गया था। रुबीना के मुताबिक, ससुराल वाले जीशान का निकाह दूसरी युवती से कराना चाहते थे। विवाद बढ़ने पर जब उसने मायके वालों को बुलाया तो उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई।

महिला के अनुसार, उसने पहले भी धौलाना थाने में शिकायत की थी। उस समय समझौता कराकर उसे वापस ससुराल भेज दिया गया। आरोप है कि 30 जनवरी 2026 को जीशान और उसके माता-पिता ने उसे घर से निकाल दिया। साथ ही पांच लाख रुपये लाने पर ही वापस रखने की बात कही। पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे दूसरी शादी करने की धमकी भी दी जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल