साइबर ठगों के जाल से बचाएंगे बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, छात्रों को किया जागरूक

इंडिया न्यूज़ 24

साहिल अंसारी

विकास ग्लोबल स्कूल में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम, साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके

, हापुड़। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को थाना बाबूगढ़ पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत सिमरोली स्थित विकास ग्लोबल स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें छात्र-छात्राओं को साइबर ठगों के हथकंडों से बचने और महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

निजी जानकारी साझा करने से बचें विद्यार्थी

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक मनीषा, साइबर टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अंकुल और पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को फर्जी सोशल मीडिया आईडी, ओटीपी फ्रॉड, संदिग्ध लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसी ठगी के तरीकों से अवगत कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठग लोगों को डराकर या लालच देकर उनकी गोपनीय जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी और निजी फोटो साझा न करें। सोशल मीडिया खातों पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन का इस्तेमाल करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय से श्री रक्षित टंडन द्वारा प्रसारित लाइव साइबर सुरक्षा सत्र भी दिखाया गया। विद्यार्थियों को साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930, महिला सुरक्षा के लिए 1090, आपातकालीन सहायता के लिए 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना झिझक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

करियर मार्गदर्शन पर भी दिया जोर

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को करियर गाइडेंस के माध्यम से आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के निर्देशन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के साथ महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना भी रहा। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधक विकास तेवतिया, प्रधानाचार्य वर्षा तेवतिया और विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल