आम के बाग में गोकशी की तैयारी, पुलिस पहुंची तो बरसाने लगे गोलियां; छह बदमाश गिरफ्तार
साहिल अंसारी
हापुड गढ़मुक्तेश्वर।
गोकशी की वारदात को अंजाम देने के लिए पावटी गांव के आम के बाग में जुटे बदमाशों की साजिश पर गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने पानी फेर दिया। सोमवार को गश्त और चेकिंग के दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाग की घेराबंदी की तो आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तीन अन्य बदमाशों को भी मौके से दबोच लिया। इनके कब्जे से एक जीवित प्रतिबंधित पशु, तीन तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, होंडा सिटी कार, मोटरसाइकिल और पशु कटान के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि पावटी गांव के आम के बाग में कुछ बदमाश प्रतिबंधित पशु के कटान की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बाग की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ में नईम निवासी आवास विकास कालोनी, बुलंदशहर रोड हापुड़, जमील निवासी मकबरा डिग्गी बजरिया, मेरठ और बिलाल निवासी जाकिर कालोनी, मसूरी, गाजियाबाद गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं मोहम्मद परवेज निवासी लखीपुरा, मेरठ, सोनू निवासी अठसैनी, गढ़मुक्तेश्वर और आहत निवासी जाकिर कालोनी, मसूरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
कार और बाइक से पहुंचे थे बदमाश
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक होंडा सिटी कार और हीरो होंडा पैशन मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा तीन अवैध तमंचे, तीन जिंदा और तीन खोखा कारतूस मिले हैं। मौके से पशु कटान के उपकरण भी बरामद किए गए। बाग से जीवित प्रतिबंधित पशु मिलने के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ हापुड़ समेत गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर और हरियाणा के विभिन्न थानों में गोकशी, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के खिलाफ तीन दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत हैं। कुछ आरोपितों पर पूर्व में गोकशी और अवैध हथियारों से संबंधित मुकदमे भी दर्ज हैं।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने बरामद हथियार, वाहन और अन्य सामान कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित पशु को कहां से लाया गया था और वारदात के बाद मांस की सप्लाई कहां करने की तैयारी थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment