बुजुर्गों के अनुभवों से रोशन होगा नई पीढ़ी का भविष्य, शिवा पाठशाला में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान

साहिल अंसारी

हापुड़।

शिवा प्राथमिक पाठशाला में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सेवा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने बुजुर्गों का सम्मान कर उनके जीवन अनुभवों और सीख को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस दौरान बुजुर्ग शिक्षिका डॉ. हरजीत कौर, भूपेंद्र कौर, इलियाज सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से हुई। विद्यार्थियों ने दादा-दादी और अन्य बुजुर्गों के सम्मान में कविताएं और भाषण प्रस्तुत किए। बच्चों ने चित्र बनाकर भी बुजुर्गों के प्रति अपनी भावनाओं को रंगों के माध्यम से व्यक्त किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। विद्यालय की ओर से बच्चों को उपहार भी दिए गए। बुजुर्गों ने बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रधानाध्यापिका डॉ. सुमन अग्रवाल ने कहा कि वृद्धावस्था जीवन का ऐसा पड़ाव है, जब व्यक्ति को सबसे अधिक प्यार, सम्मान और अपनेपन की जरूरत होती है। बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके पास जीवन का लंबा अनुभव होता है, जो नई पीढ़ी को कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने और आगे बढ़ने की राह दिखाता है। उन्होंने कहा कि जिस परिवार पर बुजुर्गों का साया होता है, वह परिवार सौभाग्यशाली माना जाता है।

उन्होंने बच्चों को समझाया कि बुजुर्गों की उपेक्षा करने के बजाय उनके अनुभवों को सुनना और उनसे सीखना चाहिए। उनका सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजमर्रा के जीवन में उनके प्रति आदर और अपनापन दिखाई देना चाहिए।

विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों को बुजुर्गों की सेवा, आदर और सम्मान के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने बड़ों का सम्मान करने और जरूरत के समय उनकी सहायता करने की प्रतिज्ञा ली। कार्यक्रम में शिक्षिका सुमन, लक्ष्मी, सोनम आदि मौजूद रहीं।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल