आधुनिक भारत के इतिहास पर छात्राओं ने दिखाया ज्ञान, प्रश्नोत्तरी में कंचन और शीतल की टीम प्रथम
इंडिया! न्यूज़ 24
साहिल अंसारी
इतिहास मंथन क्लब के तहत आर्य कन्या महाविद्यालय में प्रतियोगिता आयोजित, विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
हापुड़। आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में इतिहास विभाग की ओर से छात्राओं के ज्ञानवर्धन और ऐतिहासिक विषयों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को ‘इतिहास मंथन’ क्लब के अंतर्गत आधुनिक भारत का इतिहास विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा और ऐतिहासिक ज्ञान का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने मां वाग्देवी की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित करके किया। इतिहास विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर मनीला रोहतगी के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं को पांच टीमों में विभाजित किया गया। सभी टीमों के बीच आधुनिक भारत के इतिहास से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ सवालों के जवाब दिए और बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रोफेसर पूनम भारद्वाज और प्रोफेसर अमिता शर्मा शामिल रहीं। निर्णायक मंडल के निर्णय के अनुसार टीम डी की छात्रा कंचन और शीतल शर्मा की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम बी की रूपरेखा और शिफा द्वितीय तथा टीम ए की कंचन रानी और आकांक्षा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, टीम सी से कशिश और लायबा तथा टीम ई से वंशिका और इफरा ने भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को ऐसी ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि करने के साथ उनकी तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं।
सेवा संकल्प अभियान में भी छात्राओं का सम्मान
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एसएसवी पीजी कॉलेज में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में भी आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं को सम्मानित किया गया। भाषण, पोस्टर और सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में विजेता छात्राओं को जनप्रतिनिधियों ने प्रमाण पत्र प्रदान किए। प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने छात्राओं की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्राध्यापिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में प्रोफेसर मनीला रोहतगी ने सभी का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Comments
Post a Comment