नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपित गिरफ्तार
गालंद नहर पुल के पास से धौलाना पुलिस ने दबोचा, एससी-एसटी एक्ट के तहत भी दर्ज है मुकदमा
हापुड़। धौलाना थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के मामले में नामजद वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को गालंद नहर पुल के पास कच्ची पटरी से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में धौलाना थाना पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 296/2026 में वांछित आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो एक्ट और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान लवकुश निषाद पुत्र रामबाबू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से प्रयागराज जिले के लालापुर थाना क्षेत्र के पड़वा परतापुर गांव का निवासी है। वर्तमान में वह हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र स्थित शेखपुर खिचरा गांव की सोनी कालोनी में रह रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपित की गिरफ्तारी के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रविंद्र मलिक, उपनिरीक्षक हिमांशु चाहर, हेड कांस्टेबल पवनवीर और कांस्टेबल सोनू कुमार शामिल रहे।
Comments
Post a Comment