हेलमेट-सीट बेल्ट से लेकर स्कूली वाहनों तक, सड़क सुरक्षा पर डीएम की सख्ती

साहिल अंसारी

 हापुड़।

सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में दुर्घटना संभावित स्थानों, यातायात व्यवस्था और नियमों के उल्लंघन को लेकर अधिकारियों से बिंदुवार जानकारी ली गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के इंतजामों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, जिससे वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित स्थानों की पहले से जानकारी मिल सके। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने और प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने ओवरलोडिंग और अवैध रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई करने को कहा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्कूली वाहनों की फिटनेस और निर्धारित सुरक्षा मानकों की सघन जांच कराने को कहा गया, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य इस्तेमाल को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया। डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और हादसों में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, लोक निर्माण विभाग समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल