संविधान की ताकत को रंगों से उकेरा, पोस्टर प्रतियोगिता में पूजा तेवतिया ने मारी बाजी
इंडिया न्यूज़ 24
साहिल अंसारी
आर्य कन्या महाविद्यालय में छात्राओं ने रचनात्मकता के जरिए समझाए संविधान के प्रमुख तत्व, मानसी गौतम और रमशा भी रहीं अव्वल
हापुड़। भारतीय संविधान के प्रमुख तत्वों को पोस्टरों के माध्यम से प्रदर्शित कर छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राजनीति विज्ञान विभाग के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक क्लब ‘चाणक्य’ के तत्वावधान में शुक्रवार को ‘संविधान के प्रमुख तत्व’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक चित्रों और रंगों के माध्यम से संविधान की विशेषताओं को दर्शाते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित करके किया। इसके बाद राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अमिता शर्मा ने प्रतियोगिता का संयोजन एवं संचालन किया। उन्होंने छात्राओं को भारतीय संविधान के प्रमुख तत्वों की जानकारी देते हुए प्रतियोगिता के नियमों से अवगत कराया।
10 छात्राओं ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
प्रतियोगिता में कुल 10 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्राओं ने अपने पोस्टरों में चित्रों और सुंदर रंगों के माध्यम से संविधान के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी रचनात्मकता और विषय की समझ ने प्रतियोगिता को आकर्षक बनाया। इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी सृजनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना रहा।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन छात्राओं में छिपी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही उनके व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
पूजा तेवतिया ने हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता के परिणाम निर्णायक मंडल की सदस्य प्रोफेसर रुचि त्यागी एवं डॉ. सर्वेश कुमारी ने घोषित किए। इसमें पूजा तेवतिया ने प्रथम, मानसी गौतम ने द्वितीय और रमशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कशिश को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेताओं की उपलब्धि पर उत्साह व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अमिता शर्मा ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राध्यापिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
Comments
Post a Comment