गाड़ियों की ईसीएम चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत पांच गिरफ्तार
इंडिया न्यूज़24
साहिल अंसारी
दिल्ली-एनसीआर में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को बनाते थे निशाना, चोरी की 10 ईसीएम, दो तमंचे, चार कारतूस, तीन चाकू और ब्रेजा कार बरामद
हापुड़। जनपद की स्वाट टीम और हाफिजपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गाड़ियों की ईसीएम (इंजन कंट्रोल मॉड्यूल) चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना राशिद उर्फ मच्छी समेत पांच आरोपितों को महमूदपुर नगर पुल के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी की 10 ईसीएम, दो अवैध तमंचे, चार कारतूस, तीन चाकू और वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित दिल्ली-एनसीआर समेत विभिन्न क्षेत्रों में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते थे। आरोपित गाड़ियों के लॉक तोड़कर उनमें लगी कीमती ईसीएम चोरी कर लेते थे और इसके बाद मौके से फरार हो जाते थे। चोरी की ईसीएम को बेचकर आर्थिक लाभ कमाना गिरोह का मकसद था। पुलिस अब बरामद ईसीएम के संबंध में जानकारी जुटाकर चोरी की अन्य घटनाओं का पता लगाने में जुटी है।
गैंग के सदस्यों पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राशिद उर्फ मच्छी निवासी नहाल, थाना मसूरी, गाजियाबाद (गिरोह का सरगना), अरशद, फराज, अमन और उस्मान निवासीगण पसोंडा-पोंडा क्षेत्र, थाना टीला मोड़, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपितों के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के सदस्यों के खिलाफ करीब छह दर्जन अभियोग दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
हथियार और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने चोरी की 10 ईसीएम के अलावा दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की जा रही दिल्ली नंबर की ब्रेजा कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है। बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में थाना हाफिजपुर में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
गिरोह का पर्दाफाश करने वाली हाफिजपुर पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार चौहान, उपनिरीक्षक वरुण कुमार सिंह, भानु प्रताप और ललित कुमार शामिल रहे। वहीं, जनपदीय स्वाट टीम की ओर से उपनिरीक्षक नसीम खान और जितिन शर्मा ने कार्रवाई में भाग लिया। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
Comments
Post a Comment