मरीज को देखने पहुंचे मूक-बधिर युवक से विवाद, अस्पताल में हंगामा

साहिल अंसारी

हापुड गढ़मुक्तेश्वर।

मरीज को देखने पहुंचे मूक-बधिर युवक का अस्पताल कर्मचारियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा खड़ा हो गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए। विवाद के दौरान युवक घायल हो गया और उसकी हालत बिगड़ने पर वह बेहोश हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी ली। मामले में दोनों ओर से तहरीर दी गई है।

दौताई गांव निवासी खालिद मंगलवार देर शाम अपने स्वजन के साथ एक निजी अस्पताल में भर्ती अपनी पत्नी की बहन को देखने पहुंचा था। खालिद मूक-बधिर है। बताया गया कि अस्पताल पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर उसकी कर्मचारियों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ गई और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया।

अस्पताल कर्मचारियों का आरोप है कि विवाद के दौरान युवक अचानक आक्रामक हो गया और अस्पताल में लगे शीशे आदि तोड़ने लगा। कर्मचारियों ने उसे रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान वह दीवार से टकराकर नीचे गिर गया। घायल होने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया।

वहीं, युवक के स्वजन ने अस्पताल कर्मचारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कर्मचारियों ने युवक के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुआ। स्वजन ने अस्पताल में हुई तोड़फोड़ के आरोपों को भी गलत बताया और आरोप लगाया कि मामले को दूसरा रूप देने का प्रयास किया गया।

घटना के बाद अस्पताल में काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों से घटना की जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल