पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने में पति समेत महिला गिरफ्तार, रघुनाथपुर में दबोचे
हापुड़।
हाफिजपुर थाना क्षेत्र में पत्नी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद पति समेत एक महिला को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस की पकड़ से बाहर थे। पुलिस ने सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दोनों को रघुनाथपुर कोल्ड स्टोर के सामने से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, अपराध की रोकथाम और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हाफिजपुर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 149/26, धारा 108 बीएनएस में वांछित आरोपितों की तलाश शुरू की थी। इसी दौरान पुलिस को दोनों के रघुनाथपुर कोल्ड स्टोर के सामने मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नसीर पुत्र इकबाल निवासी अब्दुल्लापुर मोड़ी, थाना हाफिजपुर और अफसाना उर्फ कल्लो पुत्री राहत निवासी मोहल्ला राहुपुरा, कस्बा टांडा, थाना कोतवाली टांडा, रामपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ पत्नी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment