मोबाइल लूटकर भाग रहे बदमाशों का पीछा कर रहा युवक ट्रेन से गिरा, दोनों पैर कटे
इंडिया न्यूज़ 24
सोनू मसूदी
साढ़े चार घंटे तक रेलवे ट्रैक के पास पड़ा रहा घायल, सुबह सात बजे चाय विक्रेता ने देखा
गाजियाबाद। मोबाइल लूटकर भाग रहे बदमाशों का पीछा करना 18 वर्षीय युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि चलती ट्रेन में चढ़ रहे बदमाशों ने युवक को धक्का दे दिया, जिससे वह ट्रेन के नीचे आ गया। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए। गंभीर रूप से घायल युवक करीब साढ़े चार घंटे तक रेलवे ट्रैक के पास पड़ा रहा, लेकिन समय पर किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे एक चाय विक्रेता ने उसे देखा और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को जिला एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक का उपचार चल रहा है।
घटना बृहस्पतिवार तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही है। सराय नजर अली निवासी रितिक की बहन पूजा के मुताबिक, उनकी मां ने रितिक को मोबाइल देकर कविनगर स्थित रामलीला मैदान जाने के लिए कहा था। वहां उनके भाई का टिक्की का ठेला लगा हुआ है। मां ने रितिक से यह भी कहा था कि रामलीला मैदान पहुंचने के बाद भाभी से फोन पर बात करा देना। इसी वजह से रितिक मोबाइल लेकर घर से निकला था।
मोबाइल छीनकर रेलवे लाइन की ओर भागे आरोपी
पूजा के अनुसार, रास्ते में दो युवकों ने रितिक का मोबाइल छीन लिया और मौके से भागने लगे। मोबाइल छीनने के बाद दोनों युवक रेलवे लाइन की ओर चले गए। रितिक ने मोबाइल वापस लेने के लिए उनका पीछा किया। इसी दौरान दोनों आरोपी एक चलती ट्रेन में चढ़ गए। रितिक भी उनके पीछे ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगा। आरोप है कि तभी दोनों युवकों ने उसे धक्का दे दिया। संतुलन बिगड़ने से रितिक नीचे गिर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। इस हादसे में उसके दोनों पैर कट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
साढ़े चार घंटे तक मदद का इंतजार
हादसे के बाद रितिक रेलवे ट्रैक के पास गंभीर हालत में पड़ा रहा। तड़के करीब तीन बजे हुई घटना के बाद सुबह सात बजे तक उसे मदद नहीं मिल सकी। सुबह वहां से गुजर रहे एक चाय विक्रेता की नजर घायल युवक पर पड़ी तो उसने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस से रितिक को जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल रेफर कर दिया।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालेगी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और उसके साथ घटनाक्रम किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जाएगी। फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment