छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके

इंडिया न्यूज़ 24

साहिल अंसारी

मिशन शक्ति फेज-6 के तहत आर्य कन्या महाविद्यालय में काउंसलिंग कार्यक्रम, सुरक्षा और आत्मविश्वास पर दिया जोर

हापुड़। आर्य कन्या पाठशाला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत छात्राओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिशन शक्ति समिति और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-एक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में स्वयंसेविकाओं और अन्य छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करने तथा अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

मिशन शक्ति की संयोजिका प्रोफेसर मनीला रोहतगी ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। जीवन में आने वाली चुनौतियों का साहस और समझदारी से सामना करना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को अपनी प्रतिभा पर भरोसा रखने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. मीनू कश्यप ने छात्राओं को घर से कॉलेज आते-जाते समय सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय परिस्थिति में घबराने के बजाय समझदारी से निर्णय लें और जरूरत पड़ने पर उचित सहायता प्राप्त करें। वहीं, राष्ट्रीय सेवा योजना की अधिकारी डॉ. नीशू यादव ने इंटरनेट फ्रॉड, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा पासवर्ड, ओटीपी और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।

विनीता पारस ने छात्राओं को सकारात्मक सोच अपनाने, जागरूक रहने और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता समाज के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और किसी भी चुनौती के सामने हार नहीं मानने का आह्वान किया।

प्राचार्या ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मिशन शक्ति समिति और सहयोगियों को बधाई दी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल