सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ आर्य कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने संभाली कमान, परिसर से आसपास के क्षेत्रों तक चलाया स्वच्छता अभियान

साहिल अंसारी

 हापुड़। स्वच्छ और सुंदर समाज बनाने के संकल्प के साथ आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की स्वयंसेविकाओं ने शुक्रवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत जागरूकता की अलख जगाई। एक दिवसीय शिविर में छात्राओं ने स्वच्छता की शपथ लेने के बाद जागरूकता रैली निकाली। महाविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में फैले सिंगल यूज प्लास्टिक को एकत्र कर उसके उचित निस्तारण का प्रयास किया। वहीं, पोस्टर, स्लोगन और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराया।

शिविर का आयोजन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नीशू यादव के नेतृत्व में किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. साधना तोमर ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद डॉ. नीशू यादव ने स्वयंसेविकाओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। छात्राओं ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने का संकल्प लिया।

शपथ ग्रहण के बाद निकाली गई जागरूकता रैली में छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के साथ आसपास के क्षेत्रों में फैले सिंगल यूज प्लास्टिक को भी एकत्र किया। रैली के जरिए आमजन को प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं ने लोगों से प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और कचरे को उचित स्थान पर डालने की अपील की।

पोस्टर और नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

शिविर के अंतर्गत प्लास्टिक जागरूकता विषय पर पोस्टर एवं स्लोगन मेकिंग कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। छात्राओं ने आकर्षक पोस्टरों और प्रभावशाली नारों के माध्यम से प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश दिया। इसके बाद स्वयंसेविकाओं ने नुक्कड़ नाटक का मंचन कर प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को उजागर किया और लोगों को इसके उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया।

प्राचार्या प्रो. साधना तोमर ने स्वयंसेविकाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता जीवन का अभिन्न अंग है। समाज को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिविर का उद्देश्य छात्राओं को प्लास्टिक के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

कार्यक्रम में एनएसएस इकाई की स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत और राष्ट्रगान के साथ शिविर का समापन हुआ।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल