महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण पर जोर, पिलखुवा में जागरूकता रैली
साहिल अंसारी
, हापुड़। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान मिशन शक्ति फेज-6 के तहत सोमवार को पिलखुवा में जागरूकता रैली निकाली गई। थाना पिलखुवा पुलिस की ओर से आयोजित रैली में महिला सुरक्षा दल, बीट अधिकारी, पुलिसकर्मी और स्कूली छात्राओं ने भाग लिया। रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में निकाली गई रैली का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनमें सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना रहा। रैली में शामिल पुलिसकर्मियों और छात्राओं ने महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के महत्व को रेखांकित किया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर रही है। इसका उद्देश्य महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना बढ़ाने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना है।
पुलिस ने अभियान के माध्यम से संदेश दिया कि महिला सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी परेशानी की स्थिति में मदद लेने के लिए जागरूक करना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
Comments
Post a Comment