उधार के रुपये बने हत्या की वजह, दो आरोपित गिरफ्तार

साहिल अंसारी

आदर्श नगर निवासी अमन सागर हत्याकांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश, हत्या में इस्तेमाल चेन शॉकिट लगी स्टील की रॉड बरामद

 हापुड़।

आदर्श नगर निवासी अमन सागर हत्याकांड में हापुड़ नगर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले में अहम खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, अमन सागर और गिरफ्तार आरोपित प्रशान्त के बीच उधार के रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्टील की रॉड बरामद की है। रॉड में मोटरसाइकिल का चेन शॉकिट लगा हुआ था।

अपराधियों और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हापुड़ नगर पुलिस को हत्याकांड में शामिल आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने बदनौली फाटक जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान मोहल्ला जसरूपनगर निवासी प्रशान्त पुत्र रमेश चंद्र और पंकज पुत्र मुनेश के रूप में हुई है।

उधारी के रुपये को लेकर था विवाद

पुलिस के मुताबिक, अमन सागर और प्रशान्त के बीच उधार के रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। रुपये को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति बनी थी। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते प्रशान्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर अमन सागर की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

निशानदेही पर मिला हत्या में इस्तेमाल हथियार

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के आधार पर आरोपितों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल स्टील की रॉड बरामद की गई। रॉड में मोटरसाइकिल का चेन शॉकिट लगा हुआ था। पुलिस ने बरामद रॉड को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस बरामदगी और आरोपितों के बयानों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है।

मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

हापुड़ नगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 568/2026 के तहत धारा 103(1), 238 और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित प्रशान्त का पहले से भी आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ थाना हापुड़ नगर में वर्ष 2025 में धारा 351(2), 64(2), 65(1) बीएनएस तथा पोक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार, निरीक्षक चिदानंद प्रकाश, उपनिरीक्षक कपिल शर्मा, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, उपनिरीक्षक नरेंद्र कसाना, कांस्टेबल आकाश बाबू और रिजर्व कांस्टेबल अजय कुशवाहा शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड में सामने आए तथ्यों और बरामदगी के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल