एनएच-9 पर चलती कार बनी आग का गोला, चार लोगों ने कूदकर बचाई जान

इंडिया न्यूज़ 24

साहिल अंसारी

गंगा एक्सप्रेसवे के आगे अचानक धधक उठी कार, दमकल ने मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

 हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर नेशनल हाईवे-9 (एनएच-9) पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलते समय एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार धू-धू कर जलने लगी। कार में आग लगते ही सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, समय रहते कार में सवार चारों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार बुरी तरह जल गई।

जानकारी के अनुसार, संभल जिले के थाना असमोली क्षेत्र के गांव मलकपुर नवादा निवासी आरिफ, आबिद, सुभाष और हिमांशु शर्मा कार में सवार होकर मेरठ की ओर जा रहे थे। बुधवार दोपहर जब उनकी कार एनएच-9 पर गंगा एक्सप्रेसवे के आगे पहुंची, तभी अचानक उसमें आग लग गई। बताया गया कि कार के अत्यधिक गर्म होने के दौरान तकनीकी खराबी के कारण आग भड़कने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।

कार से धुआं उठता देखकर सवार लोगों ने तत्काल सूझबूझ दिखाई और वाहन से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे पर जलती कार देखकर राहगीरों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने प्रयास कर आग बुझाई, लेकिन तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी। राहत की बात रही कि चारों लोग समय रहते बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल