ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर 6.09 लाख रुपये हड़पने का आरोप, रकम निकालने के लिए फिर मांगे दो लाख; साइबर ठगी की प्राथमिकी दर्ज
सोनू मसूदी
हापुड़। ऑनलाइन निवेश के जरिए कमाई करने की उम्मीद एक व्यक्ति को भारी पड़ती नजर आ रही है। ड्रॉपशिपिंग कंपनी में लाखों रुपये निवेश करने के बाद रकम निकालने में परेशानी आने पर व्यक्ति ने धोखाधड़ी की आशंका जताई है। आरोप है कि कंपनी की ओर से उसका खाता बंद कर दिया गया और निवेश की रकम वापस देने के बदले दो लाख रुपये अतिरिक्त जमा करने की मांग की जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित ने एक ऑनलाइन कंपनी में करीब छह लाख नौ हजार रुपये का निवेश किया था। उसे दिल्ली की रहने वाली एक युवती ने कंपनी के बारे में जानकारी दी थी। पीड़ित का आरोप है कि कंपनी की ओर से बताया गया कि लंबित ऑर्डर पूरे किए बिना निवेश की रकम निकालने की अनुमति नहीं मिलेगी। इन ऑर्डर की कीमत करीब दो से ढाई लाख रुपये बताई गई।
पीड़ित के मुताबिक, रकम निकालने के लिए अब दो लाख रुपये निकासी शुल्क के नाम पर मांगे जा रहे हैं। इसके बाद उसे निवेश के नाम पर धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ। उसने साइबर अपराध थाने में शिकायत देकर रकम वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
Comments
Post a Comment