नकली क्रीम बनाने की फैक्टरी सील, 38 क्विंटल कच्चा माल जब्त
साहिल अंसारी
हापुड़।
एलएन रोड पर दही, रिफाइंड और वनस्पति समेत अन्य पदार्थ मिलाकर नकली मिल्क क्रीम तैयार करने के मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की अंतरजनपदीय टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। चार जिलों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने पांच घंटे से अधिक समय तक छापामार कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया। मौके से करीब आठ क्विंटल तैयार क्रीम, 20 क्विंटल रिफाइंड और 10 क्विंटल वनस्पति बरामद कर सील किए गए। टीम ने अलग-अलग उत्पादों के 11 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, एलएन रोड पर देव फ्रैस क्रीम के नाम से संचालित प्रतिष्ठान में दही में रिफाइंड, वनस्पति और एसेंस समेत अन्य केमिकल मिलाकर क्रीम तैयार की जा रही थी। तैयार उत्पाद को क्रीम के बजाय 'क्रीमी' नाम से बाजार में उतारने की तैयारी थी। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में तैयार और कच्चा माल मिलने से विभागीय टीम भी हरकत में आ गई।
बताया गया कि प्रतिष्ठान संचालक प्रियांस इससे पहले गांव वनखंडा में इसी तरह का कारोबार करता था। वहां खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने लिए थे। जांच में उत्पाद अनसेफ पाया गया था। आरोप है कि कार्रवाई के बाद वनखंडा में कारोबार बंद कर एलएन रोड पर नए नाम से काम शुरू किया गया। इसके लिए सेंट्रल लाइसेंस भी लिया गया था।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त डा. रोशन जैकब के निर्देश पर सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ और संभल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने छापामारी की। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि पहले लिया गया नमूना अनसेफ आया था। अब 11 नमूने लेकर जांच को भेजे गए हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
Comments
Post a Comment