दस्तावेज जमा करने के नाम पर 18 हजार मांगने का वीडियो प्रसारित, 13 हजार में सौदा तय होने की बातचीत

साहिल अंसारी

इंडिया न्यूज़ 24

  • इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में रकम को लेकर बातचीत का दावा
  • खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा- तेजवीर नाम का कोई व्यक्ति यहां नहीं, बाहरी व्यक्ति से विभाग का संबंध नहीं

हापुड़
बृहस्पतिवार शाम इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए एक वीडियो को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। प्रसारित वीडियो में दो लोगों के बीच कथित तौर पर दस्तावेज जमा करने के नाम पर रुपये की मांग को लेकर बातचीत सुनाई दे रही है। इसमें एक व्यक्ति का नाम तेजवीर बताया जा रहा है और उसे विभाग का ठेकेदार होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि विभाग ने ऐसे किसी व्यक्ति के यहां कार्यरत होने से साफ इन्कार किया है।

प्रसारित वीडियो में खाद्य सुरक्षा विभाग में किसी मामले से संबंधित दस्तावेज जमा कराने के एवज में 18 हजार रुपये मांगे जाने की बात सुनाई दे रही है। बातचीत के दौरान दूसरी ओर से इतनी रकम देने पर आपत्ति जताई जाती है। इसके बाद रुपये कम करने को लेकर बातचीत होती है और कथित रूप से 13 हजार रुपये में काम कराने की बात तय होने की आवाज सुनाई देती है।

हालांकि वीडियो में यह स्पष्ट नहीं है कि बातचीत किस व्यक्ति, मामले, दस्तावेज या कार्य को लेकर हो रही है। इसके अलावा वीडियो में मौजूद व्यक्तियों की पहचान भी स्पष्ट नहीं हो रही है। ऐसे में प्रसारित वीडियो की सत्यता और उसमें किए जा रहे दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

विभाग ने जांच कराने की बात कही

खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि विभाग में तेजवीर नाम का कोई व्यक्ति कार्यरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई बाहरी व्यक्ति किसी से किस विषय में बातचीत कर रहा है, इससे विभाग का कोई संबंध नहीं है। विभाग में इस नाम का कोई ठेकेदार भी नहीं है। इसके बावजूद प्रसारित वीडियो के संबंध में जांच कराई जा रही है, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सके।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल