मेरठ बाईपास पर पकड़ा गया पुराने नोटों का जखीरा, 1.44 करोड़ की करेंसी और अपाचे बाइक बरामद
साहिल अंसारी
इंडिया न्यूज़ 24
हापुड़। नोटबंदी के दौरान बंद किए गए 500 और 1000 रुपये के पुराने नोटों का बड़ा जखीरा हापुड़ में बरामद हुआ है। जनपदीय स्वाट टीम और हापुड़ देहात थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1.44 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित करेंसी के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आठ अक्टूबर को स्वाट टीम और हापुड़ देहात पुलिस ने एनएच-9 की सर्विस रोड पर मेरठ बाईपास गोल चक्कर के पास श्रीजी पेट्रोल पंप के सामने से गाजियाबाद निवासी देवेंद्र रुहेला को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 और 1000 रुपये के पुराने प्रतिबंधित नोटों के रूप में कुल 1,44,00,000 रुपये बरामद हुए।
पुराने नोटों के बदले ज्यादा रकम देने का झांसा
पुलिस का दावा है कि आरोपित लोगों से संपर्क कर उन्हें नई करेंसी के बदले अधिक रकम देने का लालच देता था। इस तरह वह प्रतिबंधित पुराने नोटों के जरिए लोगों से धोखाधड़ी करता था। इसके बदले उसे अच्छा-खासा कमीशन मिलता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित के पास इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित करेंसी कहां से आई और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
पुलिस ने बरामद अपाचे मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गाजियाबाद का रहने वाला है आरोपित
गिरफ्तार आरोपित की पहचान देवेंद्र रुहेला पुत्र सतपाल सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र स्थित ग्राम पंचलोक का निवासी है और वर्तमान में नंदग्राम क्षेत्र में रह रहा था।
कार्रवाई करने वाली टीम में स्वाट प्रभारी सुनील कुमार और हापुड़ देहात थाना प्रभारी पारस मलिक सहित दोनों टीमों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Comments
Post a Comment