गांधी जयंती पर दौड़ी खेल भावना, पैदल चाल में 135 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
साहिल अंसारी
हापुड़।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम बाबूगढ़ छावनी में खेल प्रतिभाओं का उत्साह देखने को मिला। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर जिला खेल कार्यालय हापुड़ की ओर से ओपन वर्ग पुरुष एवं महिला पैदल चाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों और जनपद के करीब 135 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ उप क्रीड़ा अधिकारी अरुणा ने हरी झंडी दिखाकर किया। संकेत मिलते ही खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ प्रतियोगिता शुरू की। निर्धारित दूरी पूरी करने के लिए खिलाड़ियों ने खूब पसीना बहाया। इस दौरान खिलाड़ियों में आगे निकलने की होड़ के साथ खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास भी नजर आया।
पुरुष वर्ग में अमित ने मारी बाजी
पुरुष वर्ग की पैदल चाल प्रतियोगिता में अमित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। दीपांशु ने द्वितीय और मोहन सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विनेश कुमार चौथे, हरिओम पांचवें और देव छठे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में लक्ष्मी रहीं अव्वल
महिला वर्ग में लक्ष्मी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। तनु ने द्वितीय और पावनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उर्मी चौथे, अनन्या पांचवें और उर्वशी छठे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का अहम हिस्सा माना था। युवाओं को उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर स्वच्छता, अनुशासन और जिम्मेदारी को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
उन्होंने खिलाड़ियों से खेलों में निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में खेलो इंडिया के कोच तनवीर, शाहरुख और अंकित समेत अन्य लोगों ने सहयोग किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजकों में उत्साह बना रहा।
Comments
Post a Comment