ऑपरेशन तलाश में पुलिस की कार्रवाई, दो वारंटी गिरफ्तार
साहिल अंसारी
हापुड़। न्यायालय से जारी वारंटों की तामील और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए हापुड़ पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश अभियान के तहत पिलखुवा पुलिस ने दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ न्यायालय में विचाराधीन पुराने मुकदमे में वारंट जारी हुए थे।
पुलिस के अनुसार, थाना पिलखुवा पुलिस टीम ने न्यायालय के वाद संख्या 1005/17 से संबंधित वारंटियों की तलाश में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दोनों को उनके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए वारंटियों की पहचान राहत और नवाब के रूप में हुई है। दोनों पिलखुवा क्षेत्र के लखपत सिंह की मढ़ैया के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ वर्ष 2017 से संबंधित मामले में धारा 323, 504 और 506 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज था। न्यायालय की प्रक्रिया के तहत दोनों के विरुद्ध वारंट जारी किए गए थे। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वारंटियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक पंकज शर्मा और आरक्षी पवन कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामील कराने और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
Comments
Post a Comment