धौलाना-पिलखुवा मार्ग पर हादसा, कार की टक्कर से एक ही परिवार के चार घायल

साहिल अंसारी

,हापुड़। धौलाना-पिलखुवा मार्ग पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार माता-पिता और उनके दो बच्चे आदित्य व अमन गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार नारायणपुर निवासी परिवार शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे बाइक से धौलाना-पिलखुवा मार्ग से जा रहा था। कोका-कोला कंपनी के पास पहुंचते ही पीछे से तेज गति से आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसा होते ही राहगीर और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घायलों को संभाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सरकारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दोनों बच्चों के घायल होने की सूचना से स्वजन में चिंता का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही धौलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अवनीश कुमार के निर्देशन में पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। साथ ही सड़क पर बाधित यातायात को सुचारू कराया।

पुलिस कार और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक ही परिवार के चार लोगों के घायल होने की सूचना पर स्वजन अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में घायलों का उपचार चल रहा है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल