रुपयों के लेनदेन को लेकर कपड़ा व्यापारी से मारपीट, चाबी से हमला करने का आरोप

साहिल अंसारी

दुकान पर रुपये मांगने पहुंचे युवक ने किया विवाद, बीच-बचाव करने पहुंचे दुकानदार तो धमकी देकर भागा

जागरण संवाददाता, हापुड़।
खाई बाजार में रुपये के लेनदेन को लेकर कपड़ा व्यापारी फरमान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि रुपये मांगने दुकान पर पहुंचे गुलावठी निवासी दानिस पुत्र समशाद ने फरमान के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हाथ में मौजूद स्कूटी की चाबी से हमला किए जाने के कारण फरमान के ऊपरी होंठ पर चोट लग गई। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर फरमान को बचाया। आरोप है कि इसके बाद दानिस जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

नबी करीम निवासी फरमान की खाई बाजार में मोती पंडित वाली गली में कपड़े की दुकान है। फरमान ने नगर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे गुलावठी निवासी दानिस उसकी दुकान पर पहुंचा। दानिस और फरमान के बीच रुपयों का लेनदेन बताया गया है। दानिस ने दुकान पर पहुंचकर अपने रुपये मांगे। फरमान ने कुछ समय देने का अनुरोध किया, लेकिन आरोप है कि इस बात पर दानिस नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा।

फरमान के अनुसार, दानिस ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसके हाथ में स्कूटी की चाबी थी, जिससे हमला किए जाने पर फरमान के ऊपरी होंठ पर चोट आई। अचानक दुकान पर मारपीट होने से आसपास के दुकानदारों में भी हलचल मच गई। दुकानदारों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया।

पीड़ित फरमान का आरोप है कि लोगों के हस्तक्षेप के बाद दानिस उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। घटना के बाद फरमान नगर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल