राष्ट्रसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का पाठ, आर्य कन्या महाविद्यालय में एनएसएस स्थापना दिवस समारोह

 साहिल अंसारी

 हापुड़। आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हापुड़ में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। एनएसएस अधिकारी डॉ. नीशू यादव के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, उद्देश्यों और समाजसेवा में इसकी भूमिका की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने छात्राओं को सेवा भाव अपनाकर समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस की पूर्व अधिकारी डॉ. सर्वेश के संबोधन से हुआ। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, स्थापना के मूल उद्देश्यों और समाजहित में किए जाने वाले सेवा कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही छात्राओं के व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में एनएसएस की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

इसके बाद स्वयंसेविकाओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत 'उठें समाज के लिए उठें' का सस्वर गान किया। कुमारी राधिका और कुमारी सलोनी ने एनएसएस पर अपने विचार रखे, जबकि कुमारी मोनिका ने काव्य पाठ प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का संचार किया।

कार्यवाहक प्राचार्या प्रोफेसर अमिता शर्मा ने स्वयंसेविकाओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं से एनएसएस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और श्रमदान के माध्यम से समाजसेवा करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रोफेसर पूनम भारद्वाज, प्रोफेसर वसुधा श्री, प्रोफेसर करुणा गुप्ता, प्रोफेसर मनीला रोहतगी, डॉ. सर्वेश और सुश्री विनीता पारस समेत अन्य प्रवक्ताएं व स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान हुआ। एनएसएस अधिकारी डॉ. नीशू यादव ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल