साइबर ठगी के शिकार युवक के खाते में लौटाए नौ हजार रुपये
साहिल अंसारी
, हापुड़। साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए गढ़मुक्तेश्वर थाना पुलिस की साइबर सेल टीम ने एक पीड़ित के खाते से ठगी गई पूरी रकम वापस करा दी। पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली और उसने हापुड़ पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के छोटा बाजार निवासी राहुल शर्मा साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत मिलते ही थाना गढ़मुक्तेश्वर की साइबर सेल टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम ने संबंधित बैंक और अन्य माध्यमों से समन्वय करते हुए ठगी की रकम को वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की।
साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में नौ हजार रुपये की पूरी रकम वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए आभार जताया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, रकम को रोकने या वापस कराने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है।
Comments
Post a Comment