चोर ले उड़ा नाली पर लगा लोहे का जाल, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात; श्रीनगर के लोगों ने मांगी कार्रवाई
साहिल अंसारी
हापुड़। मोहल्ला श्रीनगर स्थित सेफ वाली गली में नाली पर लगा लोहे का जाल चोरी हो गया। चोरी की पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपित की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार सेफ वाली गली काफी संकरी है। गली में वाहनों और राहगीरों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए नालियों पर लोहे के जाल लगाए गए थे। पूर्व चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत के कार्यकाल में नालियों को ढकने के लिए जाल लगवाए गए थे। इनके कारण संकरी गली में लोगों को आने-जाने में सुविधा होती थी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोग नालियों पर लगाए गए जालों को चोरी कर ले जा रहे हैं। एक जाल चोरी होने के बाद नाली खुली पड़ी है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय अंधेरे में खुली नाली दिखाई नहीं देने से हादसे की आशंका बनी हुई है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी यह परेशानी का कारण बन गई है।
निवासियों ने बताया कि नालियों पर जाल लगवाने के लिए पूर्व विधायक गजराज सिंह, नगर पालिका के प्रवीण, श्रीनगर सुधार समिति के सदस्यों, क्षेत्रवासियों और सभासद की ओर से कई बार प्रयास किए गए थे। नगर पालिका से प्रस्ताव पास कराने के बाद जाल लगवाए जाते हैं। ऐसे में जाल चोरी होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका अधिकारियों से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कर कार्रवाई करने तथा चोरी हुए जाल के स्थान पर जल्द नया जाल लगवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि खुली नाली के कारण किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।
Comments
Post a Comment