डीजल के रुपये मांगने पर सेल्समैन को कार के शीशे में फंसाकर घसीटा, स्कार्पियो चालक गिरफ्तार
साहिल अंसारी
पिलखुवा। पेट्रोल पंप पर कार में डीजल भरवाने के बाद रुपये न देना और पैसे मांगने पर सेल्समैन को कार के शीशे में हाथ फंसाकर घसीटने के मामले में पिलखुवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो कार भी बरामद की है। कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पेट्रोल पंप पर आरोपित ने अपनी स्कार्पियो में डीजल भरवाया था। आरोप है कि डीजल भरवाने के बाद उसने भुगतान नहीं किया। जब पंप के सेल्समैन ने रुपये मांगे तो आरोपित ने कथित तौर पर कार का शीशा चढ़ाकर सेल्समैन का हाथ उसमें फंसा लिया और कार दौड़ा दी। इससे सेल्समैन को कुछ दूर तक घसीटे जाने की घटना सामने आई। मामले में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की।
अपराध की रोकथाम और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पिलखुवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिण्डालपुर बंबा कट स्थित धर्मकांटे के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान फरयाद पुत्र अब्दुल वाहब निवासी ग्राम ललियाना, थाना किठौर, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो कार संख्या यूपी-15 ईवाई-3159 बरामद की है। कार को एमवी एक्ट के अंतर्गत सीज किया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक विवेक चौहान, हेड कांस्टेबल राहुल सिंह और हेड कांस्टेबल ऋतुराज शामिल रहे।
Comments
Post a Comment