भारतीय ज्ञान परंपरा की प्रश्नोत्तरी में टीम ए का दबदबा, आरिफा, अलीशा और शिफा ने हासिल किया प्रथम स्थान
हापुड़। भारतीय ज्ञान परंपरा के गहन ज्ञान और तर्कशक्ति की परीक्षा में आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। शुक्रवार को राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से चाणक्य क्लब के अंतर्गत आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में चार टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। वेद, उपनिषद, भारतीय दर्शन, अर्थशास्त्र, धर्मशास्त्र, नीतिशास्त्र और प्राचीन भारतीय राजव्यवस्था से जुड़े सवालों ने छात्राओं की ज्ञान क्षमता को परखा। प्रतियोगिता में टीम ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया।
राजनीति विज्ञान विभाग की अध्यक्षा प्रोफेसर अमिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में टीम ए, टीम बी, टीम सी और टीम डी की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रश्नोत्तरी के दौरान छात्राओं ने सवालों के तर्कसंगत और सटीक उत्तर देकर भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ी अपनी समझ का परिचय दिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संस्कृति, दर्शन और प्राचीन ज्ञान परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी बौद्धिक क्षमता को निखारना रहा।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रोफेसर करुणा गुप्ता और प्रोफेसर रुचि त्यागी शामिल रहीं। निष्पक्ष मूल्यांकन के बाद टीम ए की आरिफा, अलीशा और शिफा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम सी की विधि, खुशी और वर्षा शर्मा द्वितीय, जबकि टीम बी की याशिका, मुस्कान और अर्चु तृतीय स्थान पर रहीं।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा केवल अतीत का गौरव नहीं, बल्कि भविष्य के लिए मार्गदर्शन का स्रोत है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ जैसे मूल्य भारतीय संस्कृति की व्यापक सोच को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि चाणक्य जैसे आचार्यों की शिक्षाएं ज्ञान को राष्ट्रहित और लोककल्याण से जोड़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए राजनीति विज्ञान विभाग की सराहना की।
समापन अवसर पर प्रोफेसर अमिता शर्मा ने निर्णायक मंडल, प्रतिभागी छात्राओं और उपस्थित प्राध्यापिकाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी छात्राओं के ज्ञानवर्धन और व्यक्तित्व विकास के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राध्यापिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं।
Comments
Post a Comment