लाइब्रेरी जा रहे बीए एलएलबी छात्र पर घात लगाकर हमला, सिर फोड़ा
, हापुड़। हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में हापुड़-बुलंदशहर रोड पर जैन कन्या पब्लिक स्कूल के पास लाइब्रेरी जा रहे बीए एलएलबी के छात्र पर कई युवकों ने कथित तौर पर लोहे की रॉड, सरिया, डंडों और कस्सी के बेंट से हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के चाचा ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम सादिकपुर निवासी कपिल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भतीजा करन सिंह बीए एलएलबी का छात्र है। 21 सितंबर की सुबह करीब 8:25 बजे वह दोस्त की साइकिल पर पीछे बैठकर हापुड़ लाइब्रेरी जा रहा था। जैन कन्या पब्लिक स्कूल के पास पीछे से आईं तीन-चार मोटरसाइकिलों पर सवार बोबी, अमन, सचिन, ऋषि, आर्यन, हर्ष और चार अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर उसे घेर लिया। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए करन के सिर और शरीर पर लोहे की रॉड, सरिया व डंडों से हमला किया, जिससे उसका सिर लहूलुहान हो गया।
शोर सुनकर कुछ लोगों ने घायल छात्र को जदीद पुलिस चौकी पहुंचाया। चाचा के अनुसार, हमलावर जान से मारने और भविष्य में परिणाम भुगतने की धमकी देकर फरार हो गए। तहरीर में हमले का कारण 20 सितंबर को आरोपितों को कथित तौर पर हुक्का पीने और महिलाओं पर टिप्पणी करने से मना करना बताया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
Comments
Post a Comment