अंडरपास के नीचे ईको कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो घायल
मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए दोनों बाइक सवार, पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
संवाददाता, हापुड़। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में कुटी रोड स्थित अंडरपास के नीचे सोमवार को ईको कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ईको कार बृजघाट से सवारियां लेकर गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के रास्ते बीबीनगर, जनपद बुलंदशहर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कुटी रोड स्थित अंडरपास के नीचे सामने से आ रही स्प्लेंडर बाइक से उसकी टक्कर हो गई। बाइक पर दो लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों की पहचान हसीन मिस्त्री पुत्र सदाकत निवासी दौताई, गढ़मुक्तेश्वर और सुमित पुत्र अनिल निवासी अटसैनी सैनी, थाना गढ़मुक्तेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस ने हादसे की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी है। दोनों वाहनों को थाने ले जाया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment