सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता रैली, मूक-बधिर चालकों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश
साहिल अंसारी
, हापुड़।
अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा सप्ताह के शुभारंभ पर रविवार को हापुड़ में जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक ने नगर पालिका परिषद हापुड़ से जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मूक-बधिर वाहन चालकों के वाहनों पर सांकेतिक भाषा का विशेष चिन्ह लगाया गया। इसका उद्देश्य सड़क पर दूसरे वाहन चालकों को ऐसे चालकों की पहचान कराने के साथ उनके प्रति संवेदनशील बनाना है।
पुलिस के अनुसार, अभियान के माध्यम से आमजन को सांकेतिक भाषा के महत्व और मूक-बधिर व्यक्तियों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। वाहन रैली के दौरान लोगों को यातायात व्यवस्था में मूक-बधिर चालकों के प्रति विशेष सावधानी बरतने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मूक-बधिर चालकों के वाहनों पर लगाए गए विशेष सांकेतिक चिन्ह के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर यह चिन्ह देखकर अन्य वाहन चालक समझ सकेंगे कि संबंधित चालक सुनने या बोलने में असमर्थ है। ऐसे में यातायात के दौरान संकेतों के माध्यम से संवाद करने और अनावश्यक हॉर्न से बचने में मदद मिलेगी।
जागरूकता वाहन रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। रैली के माध्यम से लोगों को सांकेतिक भाषा के महत्व के साथ दिव्यांगजनों के प्रति सहयोग और सम्मान की भावना रखने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में समावेशिता को बढ़ावा देना और मूक-बधिर व्यक्तियों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लोगों को जागरूक करना है।
Comments
Post a Comment