बस स्टॉप पर महिलाओं और युवतियों पर अश्लील इशारे, युवक गिरफ्तार
साहिल अंसारी
हापुड़। बाबूगढ़ थाना पुलिस ने महिलाओं और युवतियों पर अश्लील इशारे करने और फब्तियां कसने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित थाना परिसर से करीब 50 मीटर दूर बने बस स्टॉप पर खड़ी महिलाओं और युवतियों को देखकर अभद्र हरकतें कर रहा था। एंटी रोमियो टीम की मदद से पुलिस ने आरोपित को पकड़कर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा में कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को उपनिरीक्षक मनीषा पाल और उपनिरीक्षक सूर्यपाल सिंह शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और अपराध की रोकथाम के लिए क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना परिसर से करीब 50 मीटर दूर बस स्टॉप पर एक युवक बस का इंतजार कर रही महिलाओं और युवतियों को देखकर गंदे इशारे कर रहा है और फब्तियां कस रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने एंटी रोमियो टीम की महिला हेड कांस्टेबल पिंकी और महिला कांस्टेबल रूबी को भी मौके पर बुलाया। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम अरविंद पुत्र विजय निवासी नई मंडी मुरादपुर, थाना हापुड़ देहात बताया। उसकी उम्र करीब 27 वर्ष है। पुलिस के मुताबिक, तलाशी में कपड़ों के अलावा कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तारी के कारण बताते हुए दोपहर 12:50 बजे नियमानुसार हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया और मानवाधिकार संबंधी निर्देशों का पालन किया। बाबूगढ़ थाना पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments
Post a Comment