सड़क पर मौत बनकर गिरे बिजली के खंभे, बाल-बाल बचे राहगीर

साहिल अंसारी

जागरण संवाददाता, धौलाना। निर्माणाधीन धौलाना-मसूरी रोड पर शुक्रवार दोपहर तेज हवा और बारिश के दौरान बिजली के कई खंभे अचानक सड़क पर आ गिरे। खंभों के साथ बिजली के तार भी सड़क पर फैल गए। इससे मार्ग पर यातायात ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। गनीमत रही कि खंभों की चपेट में कोई वाहन या राहगीर नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में मौसम अचानक खराब हो गया। तेज हवा के साथ बारिश शुरू होते ही सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे एक के बाद एक सड़क की ओर गिरने लगे। देखते ही देखते कई खंभे सड़क पर आ गिरे। तार सड़क पर फैलने से वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर जाने लगे।

खंभे गिरने से धौलाना-मसूरी मार्ग पर दोनों तरफ यातायात रुक गया। निर्माणाधीन सड़क पर पहले से ही यातायात प्रभावित रहता है। ऐसे में बिजली के खंभे गिरने से जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। बारिश के बीच वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे।

सूचना मिलते ही थाना धौलाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस ने संबंधित विभाग के कर्मचारियों की मदद से सड़क पर गिरे खंभों और तारों को हटवाने का काम शुरू कराया। जेसीबी की मदद से अवरोध हटाकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारू कराया गया।

थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि बिजली के खंभे गिरने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खंभे हटवाए और यातायात सुचारू कराया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

अचानक सड़क पर खंभे गिरने की घटना ने निर्माणाधीन मार्ग पर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस की तत्परता से मार्ग जल्द साफ करा दिया गया और बड़ा हादसा होने से बच गया।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल