फैक्ट्री में करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

साहिल अंसारी

हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र स्थित एक निजी फैक्ट्री में गुरुवार रात काम के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार रफीकनगर निवासी शौकीन (37) हापुड़ देहात क्षेत्र स्थित एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी करता था। रोजाना की तरह गुरुवार रात भी वह फैक्ट्री में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी हालत बिगड़ गई।

हादसा होते ही फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और मृतक के स्वजन को दी गई। कुछ ही देर में परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। मौत की जानकारी मिलते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। फैक्ट्री प्रबंधन से भी पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल