मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा और समर्पण का प्रेरक उदाहरण: सांसद अरुण गोविल

साहिल अंसारी

 हापुड़।
मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना का प्रेरक उदाहरण है। जनप्रतिनिधि के रूप में उनके 25 वर्षों के कार्यकाल में जनकल्याण को प्राथमिकता देने का प्रयास दिखाई देता है। उनका कहना है कि जब शासन का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना हो तो उसका असर आम नागरिक के जीवन में भी दिखाई देता है।

सांसद अरुण गोविल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आधारभूत ढांचे के विकास से लेकर डिजिटल क्रांति, गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, स्टार्टअप और नवाचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश में सड़क, रेल, डिजिटल सेवाओं और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार के साथ आम लोगों को सरकारी सेवाओं से जोड़ने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंचों पर भारत की भूमिका और प्रभाव में भी वृद्धि हुई है।

सरकारी योजनाओं को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सरकारी योजनाओं और अभियानों को केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय उनमें जनभागीदारी को जोड़ने पर जोर दिया। स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जनधन योजना, आत्मनिर्भर भारत और एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियानों के माध्यम से लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इन अभियानों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने का काम किया है।

सेवा संकल्प अभियान को बताया सामाजिक जिम्मेदारी का माध्यम

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान का उल्लेख करते हुए अरुण गोविल ने कहा कि सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। अभियान के माध्यम से समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए लोगों को आगे आने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से संभव है।

विकसित भारत के संकल्प में हर नागरिक की भूमिका

सांसद अरुण गोविल ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें देश के प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब सेवा सामाजिक संस्कार बनेगी और राष्ट्रहित को प्राथमिकता मिलेगी, तब देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में और गति मिलेगी। निष्काम सेवा से समाज सशक्त होता है और सशक्त समाज मजबूत राष्ट्र की नींव तैयार करता है। उन्होंने लोगों से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने, जरूरतमंदों की सहायता करने और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल