तार चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाश घायल; तीसरा गिरफ्तार

साहिल अंसारी

छह क्विंटल चोरी का तार, आटो, दो तमंचे और कारतूस बरामद; मेरठ, बुलंदशहर और गढ़ के बदमाश शामिल

, गढ़मुक्तेश्वर। तार चोरी करने वाले गिरोह से सोमवार देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब छह क्विंटल चोरी का विद्युत तार, आटो, दो तमंचे, चार कारतूस और विद्युत लाइन काटने के उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में गिरोह के मेरठ, बुलंदशहर और गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:45 बजे गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक आटो आता दिखाई दिया। संदेह होने पर पुलिस ने आटो रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की। इसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे को पुलिस ने दबोच लिया।

पुलिस ने आटो की तलाशी ली तो उसमें करीब छह क्विंटल तार मिला। घायल बदमाशों की पहचान बुलंदशहर के खानपुर क्षेत्र निवासी सुरेंद्र उर्फ सुंदर और गढ़मुक्तेश्वर के शाहपुर चौधरी निवासी दीपक के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपित मेरठ के किठौर क्षेत्र निवासी शेरू उर्फ जयदीप चौधरी बताया गया है।

सीओ राहुल यादव ने बताया कि सुरेंद्र के खिलाफ 41, शेरू के खिलाफ 19 और दीपक के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई तार चोरी की घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल