हापुड़ के अमर शहीदों की विरासत को मिलेगा नया स्वरूप, अतरपुरा चौपला में बनेगा भव्य स्मृति द्वार; जलभराव और अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा

साहिल अंसारी

, हापुड़। मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल सोमवार को नगर के अतरपुरा चौपला स्थित ऐतिहासिक शहीद स्तंभ पहुंचे। उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इसके बाद उन्होंने शहीद स्थल का निरीक्षण किया। सांसद ने शहीद स्तंभ के जीर्णोद्धार, भव्य सौंदर्यीकरण और स्मृति द्वार के निर्माण को लेकर जिलाधिकारी कविता मीना से वार्ता की। साथ ही लिखित पत्र सौंपकर जल्द प्रशासनिक कार्रवाई कराने का आग्रह किया।

सांसद अरुण गोविल ने कहा कि अतरपुरा चौपला स्थित शहीद स्तंभ हापुड़ के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की अमूल्य धरोहर है। यह स्थल आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद स्थल का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराया जाना जरूरी है। यहां भव्य स्मृति द्वार का निर्माण होने से स्थल को और आकर्षक स्वरूप मिलेगा। इसके विकास के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

11 अगस्त 1942 को शहीद हुए थे चार क्रांतिकारी

सांसद प्रतिनिधि विनोद गुप्ता और अशोक बबली ने शहीद स्तंभ के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी के भारत छोड़ो आंदोलन के आह्वान के बाद हापुड़ में भी अंग्रेजी शासन के खिलाफ आंदोलन तेज हो गया था। स्वतंत्रता सेनानियों की गिरफ्तारी के विरोध में नगर में हड़ताल हुई और शिक्षण संस्थान बंद रहे।

11 अगस्त 1942 को अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ निकले जुलूस पर अतरपुरा चौपला के पास पुलिस ने लाठीचार्ज और गोलीबारी की थी। गोलीबारी में पंडित अंगनलाल शर्मा, मांगे लाल वैश्य, रामस्वरूप जाटव और गिरधारी लाल ठठेरे शहीद हो गए थे। गंभीर रूप से घायल लाला सेवाराम ने अंतिम सांस तक तिरंगे को जमीन पर नहीं गिरने दिया।

स्वतंत्रता के बाद इसी स्थान पर अमर शहीदों की स्मृति में स्मारक का निर्माण कराया गया। स्मारक पर अंग्रेजी पुलिस की गोलीबारी के निशान आज भी मौजूद हैं। प्रत्येक वर्ष 11 अगस्त को यहां श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

गोल मार्केट के जलभराव और अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोल मार्केट में जलभराव तथा अतिक्रमण की समस्या सांसद के सामने रखी। महेश तोमर समेत लोगों ने बताया कि शहीद स्तंभ और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के आसपास अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। गोल मार्केट में जलभराव के कारण व्यापारी और राहगीर परेशान हैं।

सांसद ने समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखने और नाले-नालियों की सफाई के साथ अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि विनोद गुप्ता, अशोक बबली, महेश तोमर, संजीव वर्मा समेत व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल