महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना की समीक्षा, डीएम-एसपी ने दिए आवश्यक निर्देश
सोनू मसूदी
हापुड़। उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र पीड़ितों को समय से सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने योजना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को योजना के अंतर्गत आने वाले मामलों की गंभीरता से समीक्षा करने और पात्र महिलाओं एवं बच्चों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से दिलाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से प्रकरणों की प्रगति, लंबित मामलों और आवश्यक कार्रवाई की जानकारी लेते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला एवं बाल पीड़ितों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। साथ ही, पात्र लाभार्थियों को सम्मान कोष योजना के तहत मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने में अनावश्यक देरी न हो। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने और योजना की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस और प्रशासनिक विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने योजना के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।
Comments
Post a Comment